इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला चर्चा में है। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने इस प्रकरण को लेकर मुख्य न्यायमूर्ति को पत्र लिखकर मामले में संज्ञान लेने और उचित कदम उठाने का अनुरोध किया है।
दरअसल, 27 अक्टूबर को भेजे गए पत्र में न्यायमूर्ति अजय भनोट की अदालत, न्याय कक्ष संख्या 49 में हुई एक घटना का उल्लेख किया गया है। बार एसोसिएशन के पत्र के मुताबिक, अदालत में पुलिस अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था को लेकर एक अधिवक्ता को पीछे बैठने के लिए कहे जाने के बाद विवाद की स्थिति बनी।
पत्र में अपर महाधिवक्ता की ओर से कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही, वरिष्ठ अधिवक्ता वी.पी. श्रीवास्तव के संदर्भ में की गई कथित टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई गई है।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने अपने पत्र में अधिवक्ताओं के सम्मान और गरिमा का मुद्दा उठाते हुए पूरे मामले पर गंभीरता से विचार करने और आवश्यक कार्रवाई पर विचार करने का अनुरोध किया है।
यह पत्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सी.पी. उपाध्याय और महासचिव संतोष कुमार मिश्र की ओर से भेजा गया है। पत्र की एक प्रति भारत के मुख्य न्यायाधीश को भी प्रेषित की गई है।
हालांकि, पत्र में लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष फिलहाल सामने नहीं आया है। ऐसे में मामले के सभी पहलुओं और संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
No comments:
Post a Comment