प्रयागराज। शिव स्तुति की गूंज, हरियाणवी लोकगीतों की मिठास और घूमर-धमाल की थिरकन से सोमवार को उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी) का प्रेक्षागृह हरियाणवी लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हो उठा। मौका था उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं हरियाणा कला परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय त्रिवेणी कला उत्सव के भव्य शुभारंभ का। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा और पूरा प्रेक्षागृह तालियों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राकेश कुमार सेंगर, सचिव, प्रो. रज्जू भैय्या न्यास संघ प्रांत, प्रयागराज, महेश जोशी, उपाध्यक्ष, हरियाणा कला परिषद, हरियाणा, केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा, उपनिदेशक डा. मुकेश उपाध्याय एवं सलाहकार कल्पना सहाय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पुनीत राठा ने शिव स्तुति 'तू राजा की राजदुलाली, मैं सिर्फ लंगोटे आला' की प्रस्तुति से की। उनकी प्रस्तुति ने पूरे प्रेक्षागृह को शिवमय कर दिया।
इसके बाद प्रकाश मलिक एवं साथी कलाकारों ने 'मैं नई नवेली आई, फागुन में ब्याह ली' लोकगीत पर घूमर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। कलाकारों की थिरकन और हरियाणवी लोक रंगों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
इसके बाद प्रवीण शर्मा, संदीप, मोहित और आर्यन ने 'छोरा मैं हरियाणे का' गीत पर धमाल नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं प्रियंका, कोमल, रामभतेरी, नेहा एवं रितु ने हरियाणवी लोकगीतों पर समूह नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
कलाकारों ने 'के सपने का जिक्र करूं, एक हूर लीकड़ गई जड़ से', 'मेरे पाक्षण-पाक्षण आवण का भला कौन सा मतलब तेरा सै है' और 'बालम मेरा बांका चिट्टा छैल' जैसे लोकगीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर हरियाणवी लोक संस्कृति की जीवंत छटा बिखेरी। वहीं देशभक्ति से ओतप्रोत रागिनी लोकगीत गायन की प्रस्तुति ने दर्शकों में उत्साह और देशप्रेम का भाव भर दिया। कार्यक्रम का संचालन आकाश अग्रवाल ने किया।
स्वच्छता थीम पर पोस्टर-स्लोगन प्रतियोगिता
स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्पेशल कैंपेन-6 के तहत सोमवार को केंद्र परिसर स्थित महात्मा गांधी कला वीथिका में स्वच्छता थीम पर पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में स्कूल और कॉलेज के करीब 12 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
No comments:
Post a Comment